देहरादून। राजकीय दून चिकित्सालय, देहरादून से एक बेहद ही सुखद ख़बर सामने आई है अब दून अस्पताल की सर्जरी विभाग के नेतृत्व में प्रत्येक शुक्रवार को “ओबेसिटी क्लिनिक” (मोटापा क्लिनिक) की शुरुआत की जा रही है जिससे मोटापे से ग्रस्त लोगो को खूब फायदा मिलने जा रहा है।

दून अस्पताल की सर्जरी विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ अभय कुमार ने बताया कि इस क्लिनिक का उद्देश्य बढ़ते मोटापे एवं उससे जुड़ी बीमारियों से ग्रसित मरीजों को समुचित परामर्श, जांच एवं आधुनिक उपचार उपलब्ध कराना है तथा आवश्यकता अनुसार बैरियाट्रिक एवं मेटाबॉलिक सर्जरी को बढ़ावा देना है।

आज के समय में मोटापा एक गंभीर स्वास्थ्य समस्या बन चुका है, जिसके कारण डायबिटीज, उच्च रक्तचाप, हृदय रोग, फैटी लिवर, स्लीप एपनिया, जोड़ों में दर्द एवं बांझपन जैसी अनेक बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। कई मरीजों में आहार नियंत्रण एवं व्यायाम के बावजूद वजन नियंत्रित नहीं हो पाता, ऐसे मरीजों के लिए बैरियाट्रिक सर्जरी एक प्रभावी एवं सुरक्षित विकल्प सिद्ध हुई है।

बैरियाट्रिक सर्जरी हेतु चयन के प्रमुख मानदंड:-

जिन मरीजों का बॉडी मास इंडेक्स (BMI) 40 या उससे अधिक हो।

BMI 35 या उससे अधिक हो तथा साथ में डायबिटीज, उच्च रक्तचाप, स्लीप एपनिया या अन्य मोटापे से संबंधित गंभीर बीमारियां मौजूद हों

जिन मरीजों में लंबे समय तक डाइट, व्यायाम एवं दवाओं के बावजूद वजन में पर्याप्त कमी न हुई हो। मरीज मानसिक एवं शारीरिक रूप से सर्जरी के लिए उपयुक्त हों तथा नियमित फॉलो-अप हेतु तैयार हों।

बैरियाट्रिक एवं मेटाबॉलिक सर्जरी के प्रमुख लाभ:-

वजन में प्रभावी एवं दीर्घकालिक कमी।- डायबिटीज में बेहतर नियंत्रण एवं कई मामलों में दवाओं की आवश्यकता में कमी।- उच्च रक्तचाप एवं कोलेस्ट्रॉल में सुधार।- हृदय रोग एवं स्ट्रोक के खतरे में कमी।- स्लीप एपनिया एवं जोड़ों के दर्द से राहत।- जीवन गुणवत्ता एवं आत्मविश्वास में सुधार।

अस्पताल प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि मोटापे से संबंधित समस्याओं को नजरअंदाज न करें तथा विशेषज्ञ परामर्श हेतु प्रत्येक शुक्रवार को संचालित ओबेसिटी क्लिनिक में संपर्क करें। दून अस्पताल की इस पहल में कॉलेज की प्राचार्य डॉ गीता जैन, चिकित्सा अधिक्षक डॉ आर एस बिष्ट, उप चिकित्सा अधिक्षक डॉ एन एस बिष्ट के साथ साथ सर्जरी विभाग के डॉक्टर्स का अहम योगदान है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *