
देहरादून। राजकीय दून मेडिकल कॉलेज एवं दून अस्पताल, देहरादून के सर्जरी विभाग द्वारा एक जटिल एवं सफल लैप्रोस्कोपिक सर्जरी कर 49 वर्षीय महिला मरीज रजिया को नया जीवन प्रदान किया गया।रजिया पिछले कई महीनों से उच्च रक्तचाप, घबराहट, तेज धड़कन तथा बार-बार सिरदर्द जैसी समस्याओं से परेशान थीं।
विस्तृत जांच के दौरान उनके शरीर में अधिवृक्क ग्रंथि (Adrenal Gland) में फिओक्रोमोसायटोमा नामक दुर्लभ ट्यूमर का पता चला। फिओक्रोमोसायटोमा अधिवृक्क ग्रंथि का एक दुर्लभ हार्मोन स्रावित करने वाला ट्यूमर होता है, जो शरीर में अत्यधिक मात्रा में कैटेकोलामाइन हार्मोन बनाता है इसके कारण मरीजों में अनियंत्रित उच्च रक्तचाप, धड़कन तेज होना, अत्यधिक पसीना आना, घबराहट, कंपकंपी, सिरदर्द तथा कभी-कभी वजन कम होने जैसे लक्षण दिखाई देते हैं।
यदि समय रहते इसका उपचार न किया जाए तो यह हृदयाघात, स्ट्रोक तथा अन्य गंभीर जटिलताओं का कारण बन सकता है। इस प्रकार के ट्यूमर की सर्जरी अत्यंत चुनौतीपूर्ण मानी जाती है। ऑपरेशन से पूर्व मरीज को विशेष दवाओं द्वारा रक्तचाप नियंत्रित करना आवश्यक होता है, क्योंकि बिना उचित तैयारी के सर्जरी के दौरान गंभीर जटिलताएं उत्पन्न हो सकती हैं।
सर्जरी के दौरान ट्यूमर को छूने या हटाने पर अचानक अत्यधिक हार्मोन स्राव होने से रक्तचाप बहुत अधिक बढ़ सकता है, हृदय की धड़कन अनियमित हो सकती है तथा जानलेवा स्थिति उत्पन्न हो सकती है। वहीं ट्यूमर हटाने के बाद अचानक रक्तचाप अत्यधिक कम होने की संभावना भी रहती है।
रजिया का इलाज सर्जरी विभाग प्रमुख डॉ अभय कुमार व उनके टीम के अंतर्गत चल रहा था। मरीज का सफलतापूर्वक 13 मई , 20260को लैप्रोस्कोपिक एड्रेनलेक्टॉमी ऑपरेशन किया गया। ऑपरेशन टीम में डॉ अभय कुमार व उनके उनके रेजिडेंट डॉ दिव्यांशु, डॉ ईश्विंद्र, डॉ वैभव, डॉ मयंक व डॉ हिमांशु शामिल थे। एनेस्थीसिया टीम की तरफ से सह प्राध्यापक डॉ शोभा, डॉ दीपिका व डॉ साक्षी का इस ऑपरेशन में महत्वपूर्ण योगदान रहा। सर्जरी टीम एवं एनेस्थीसिया विशेषज्ञों द्वारा निरंतर मॉनिटरिंग और विशेष सावधानियों के कारण यह ऑपरेशन सफलतापूर्वक पूरा किया गया। वर्तमान में मरीज स्वस्थ हैं तथा चिकित्सकीय निगरानी में तेजी से स्वास्थ्य लाभ कर रही हैं।
यह ऑपरेशन प्रमाण है कि दून अस्पताल में आधुनिक तकनीकों एवं विशेषज्ञ चिकित्सकों की सहायता से ऐसी जटिल सर्जरियों का सफलतापूर्वक उपचार किया जा रहा है।
